a

मालदह, 14 मार्च । पश्चिम बंगाल के मालदह जिले के रतुआ थाना क्षेत्र में न्यायिक हिरासत के दौरान एक कैदी की मौत को लेकर शनिवार रात तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों ने शव को थाने के सामने रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय भोला मंडल के रूप में हुई है, जो रतुआ थाना क्षेत्र के भादो ग्राम पंचायत इलाके का निवासी था। जानकारी के अनुसार नौ फरवरी को भादो इलाके में सेताबुद्दीन नामक एक व्यवसायी को आम बागान से गंभीर रूप से घायल अवस्था में बरामद किया गया था, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने भोला मंडल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। पहले उसे चांचल सुधार गृह में रखा गया था और बाद में मालदह जिला सुधार गृह में स्थानांतरित किया गया।

परिवार के अनुसार 11 मार्च को भोला मंडल को अचानक सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इसके बाद सुधार गृह प्रशासन ने उसे मालदह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान शनिवार तड़के उसकी मौत हो गई।

शव परिजनों को सौंपे जाने के बाद शनिवार रात परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग रतुआ थाने के सामने पहुंच गए और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई और उन्होंने थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग 131 पर बैठकर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ केंद्रीय बल को भी तैनात किया गया। काफी मशक्कत के बाद हालात सामान्य हुए और परिजन शव को लेकर वहां से चले गए। इस घटना पर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।