जमशेदपुर, 26 फरवरी। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को एकदिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचीं, जहां बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह विशेष विमान से जमशेदपुर पहुंचीं, जहां सोनारी एयरपोर्ट पर उनका भव्य अभिनंदन किया गया।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक इंतजाम किए थे। रांची में सुरक्षा व्यवस्था के तहत 15 डीएसपी, 50 इंस्पेक्टर और 100 से अधिक दरोगा तैनात किए गए।
जगन्नाथ मंदिर निर्माण का शुभारंभ
जमशेदपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति का पहला कार्यक्रम कदमा स्थित अनिल सुर पथ पर प्रस्तावित भगवान जगन्नाथ मंदिर एवं स्पिरिचुअल सेंटर के निर्माण स्थल पर आयोजित हुआ। यहां उन्होंने विधिवत भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया तथा शिलापट्ट का अनावरण किया। पुरी धाम से आए विद्वान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया।
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल समाज में सांस्कृतिक एकता और नैतिक मूल्यों के संवर्धन के केंद्र होते हैं। उन्होंने मंदिर निर्माण की पहल के लिए आरएसबी समूह के वाइस चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस.के. बेहरा और उनकी टीम की सराहना की।
इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी तथा टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्र सहित कई जनप्रतिनिधि एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
टाटा मणिपाल कॉलेज में संवाद
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति का अगला कार्यक्रम टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज में निर्धारित था, जहां उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रम में भाग लिया और विद्यार्थियों से संवाद किया। उनके दौरे के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
