खूंटी , 22 जुलाई । खूंटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्रा थाना क्षेत्र के बमरजा पंचायत से 16 वर्षीय लापता किशोरी को 24 घंटे के अंदर हजारीबाग जिले के चुरचु थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। कर्रा थाना क्षेत्र से बालिका के लापता होने की सूचना मिलते ही खूंटी पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। हजारीबाग पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी की।
इसके बाद बालिका को हजारीबाग के चुरचु से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस की ओर से बुधवार को दी गई जानकारी के अनुसार, बरामदगी के बाद बालिका की चिकित्सीय जांच कराई गई। वह पूरी तरह सुरक्षित पाई गई। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस की तत्परता से परेशान परिवार को बड़ी राहत मिली और बालिका अपने अपनों से मिल सकी। खूंटी पुलिस ने कहा कि बालिका की सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।
