jug

पूर्वी सिंहभूम, 21 फ़रवरी। जुगसलाई में प्रस्तावित मेयर चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को आजसू पार्टी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर गंभीर आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया पर संदेेेह जताते हुए सवाल खड़ा किया और प्रशासन से निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की मांग की।

पार्टी के प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने शनिवार को बयान जारी कर आरोप लगाया कि झामुमो ने हिदायत खान के प्रभाव में आकर माणिक मल्लिक को मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने दावा किया कि यह फैसला सोची-समझी रणनीति के तहत लिया गया है, जिसका उद्देश्य रिंकू सिंह की संभावित जीत को प्रभावित करना है। तिवारी ने मल्लिक को हिदायत खान का एजेंट करार देते हुए कहा कि जनता इस तरह की राजनीति को समझ रही है।

आजसू का कहना है कि जुगसलाई की जनता विकास, पारदर्शिता और सुशासन के मुद्दे पर रिंकू सिंह के साथ खड़ी है। पार्टी नेताओं का दावा है कि क्षेत्र में रिंकू सिंह को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और मतदाता बदलाव के पक्ष में हैं।

इसके साथ ही अप्पू तिवारी ने आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में मतदाताओं पर दबाव बनाने और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

आजसू ने जिला प्रशासन से मांग किया कि संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाए। पार्टी ने जोर देकर कहा कि शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया से ही लोकतंत्र की गरिमा बनी रह सकती है।