शव बरामद

पूर्वी सिंहभूम, 17 फरवरी । पूर्वी सिंहभूम जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बोरिंग कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना गोविंदपुर स्थित आरएसओ गेट परिसर के अंदर हुई, जहां बोरिंग का काम चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, बोरिंग कार्य के दौरान इस्तेमाल किया जा रहा भारी लोहे का ट्राइपॉड अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा। ट्राइपॉड का वजन अत्यधिक होने के कारण पास में कार्यरत मजदूर इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में मजदूर राम हरिदास (56) को संभलने का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक मूल रूप से दीघा का निवासी था और जीविका चलाने के लिए यहां मजदूरी कर रहा था।

इस घटना में उनके साथ काम कर रहा दूसरा मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद ठेकेदार और अन्य कर्मियों ने घायल मजदूर को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।