कोलकाता, 18 अक्टूबर । चोरबागान में हुए दर्दनाक हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। हर पहलू की संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और मानवीय दृष्टिकोण से पड़ताल की जानी चाहिए।
हादसे के बाद शमीक भट्टाचार्य ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपनी संवेदना व्यक्त की थी।
उन्होंने लिखा कि चोरबागान में हुए दर्दनाक हादसे से वे शोकाकुल, स्तब्ध और गहरे दुखी हैं। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की सद्गति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना, उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना और न्याय सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।
