महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण
ओंकार समाचार
कोलकाता, 11 अक्टूबर । महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर कोलकाता के विशुद्धानंद विद्यालय में महाराजा अग्रसेन जयंती मनाई गई। यहां स्थापित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आयोजकों के अनुसार, यह प्रतिमा कोलकाता में स्थापित महाराजा अग्रसेन की प्राचीनतम प्रतिमा है।
इस अवसर पर अग्रबंधु के सभापति प्रह्लाद राय गोयनका ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने सामाजिक समरसता, एकता और समाजवाद के आदर्श प्रस्तुत किए। उन्होंने नए बसने वाले व्यक्ति को समाज में स्थापित करने के लिए प्रत्येक परिवार की ओर से एक ईंट और एक रुपये का सहयोग देने की परंपरा शुरू की थी। यह परंपरा आपसी सहयोग और सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश देती है।
गोयनका ने कहा कि आज भी समाज में इसी भावना का संचार करने की जरूरत है। इससे आपसी सद्भाव मजबूत होगा और समाज के विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रह्लाद राय गोयनका, संदीप गर्ग, श्याम सुंदर नेवटिया, विजय सांगानेरिया, पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
