कोलकाता, 11 अक्टूबर । पश्चिम बंगाल सरकार इस बार दुर्गा पूजा के दौरान स्वच्छता पर विशेष जोर दे रही है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने स्वयं की उपस्थिति में कूड़ेदान लगवाए और दुर्गा पूजा के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। स्वच्छता बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सुनिश्चित करना, जलापूर्ति, सड़कों का रखरखाव और नालों की सफाई उनके विभाग की जिम्मेदारी है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में इन विषयों को प्राथमिकता नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि उस समय धन संग्रह पर ही अधिक ध्यान दिया जाता था। उन्होंने प्रशासन को व्यवस्था की निगरानी करने और स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है।
