west bengal

कोलकाता, 11 अक्टूबर । कैमक स्ट्रीट पर नगर निगम के काम में बाधा डालने के आरोप के मामले में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी को सोमवार को पेश होने का निर्देश दिया गया है। रविवार को दिल्ली से लौटने के बाद शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस अधिकारियों ने उनके घर जाकर नोटिस दिया।

गत 27 अगस्त को कैमक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय का बिलबोर्ड हटाने के दौरान नगर निगम के काम में बाधा डालने का आरोप उन पर लगा था। नगर निगम की ओर से दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस उन्हें नोटिस देने पहुंची थी।

इससे दो दिन पहले भी पुलिस अधिकारी अभिषेक के घर नोटिस देने गए थे। हालांकि, उस समय घर पर किसी के मौजूद नहीं रहने के कारण उन्हें बिना नोटिस दिए लौटना पड़ा था। रविवार सुबह पुलिस अधिकारी फिर उनके आवास पर पहुंचे। करीब 20 मिनट तक इंतजार करने के बाद घर का मुख्य दरवाजा खोला गया। इसके बाद अभिषेक बनर्जी को सोमवार को पेश होने का निर्देश देते हुए नोटिस सौंपा गया।