west relway

कोलकाता, 09 अक्टूबर । आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने विभिन्न मार्गों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इन ट्रेनों के लिए 14 अक्टूबर 2026 से टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू होगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना के अनुसार समय रहते टिकट आरक्षित कराने की अपील की है।

रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, शालीमार-विशाखापट्टनम स्पेशल ट्रेन संख्या 08507 का परिचालन 14 और 28 अक्टूबर को होगा। इस ट्रेन में द्वितीय वातानुकूलित, तृतीय वातानुकूलित और स्लीपर श्रेणी में बुकिंग उपलब्ध रहेगी।

संतरागाछी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), मुंबई स्पेशल ट्रेन संख्या 01108 का परिचालन 15 अक्टूबर को होगा। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय वातानुकूलित श्रेणी में टिकट आरक्षित कराए जा सकेंगे।

संतरागाछी-दीघा स्पेशल ट्रेन संख्या 02847 का परिचालन 16 और 20 अक्टूबर को होगा। वहीं, दीघा-संतरागाछी स्पेशल ट्रेन संख्या 02848 भी 16 और 20 अक्टूबर को चलेगी। इन दोनों ट्रेनों में निर्धारित तिथियों के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में सीटें उपलब्ध रहेंगी।

दीघा-मालदा टाउन स्पेशल ट्रेन संख्या 03466 का परिचालन 17, 24 और 31 अक्टूबर को किया जाएगा। वहीं, रांची-अजमेर स्पेशल ट्रेन संख्या 09620 की सेवाएं 18 और 25 अक्टूबर को उपलब्ध रहेंगी।

संतरागाछी-तिरुवनंतपुरम उत्तर स्पेशल ट्रेन संख्या 06082/03082 का परिचालन 19 और 26 अक्टूबर को होगा।हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल ट्रेन संख्या 08609 भी 19 और 26 अक्टूबर को चलेगी। हटिया से चलने वाली इस ट्रेन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय वातानुकूलित के साथ स्लीपर श्रेणी में भी टिकट बुक कराए जा सकेंगे।

इसके अलावा, संतरागाछी-अजमेर स्पेशल ट्रेन संख्या 08611 का परिचालन 27 अक्टूबर को होगा। शालीमार-चरलापल्ली स्पेशल ट्रेन संख्या 08045 और संतरागाछी-नाहरलागुन स्पेशल ट्रेन संख्या 08047 दोनों 30 अक्टूबर को चलेंगी। रांची-आनंद विहार टर्मिनस स्पेशल ट्रेन संख्या 02877 का परिचालन 31 अक्टूबर को निर्धारित है। इन ट्रेनों में निर्धारित श्रेणियों के अनुसार आरक्षण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।