sh

पूर्वी सिंहभूम, 09 अक्टूबर। सफाई कर्मियों के वेतन, स्थायी नियुक्ति और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर शुक्रवार को झारखंड प्रदेश यूथ इंटक कमिटी ने अपर श्रम आयुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान कमिटी ने सफाई कर्मियों को पूरे 30 दिनों का मासिक वेतन देने, ठेका प्रथा समाप्त कर स्थायी नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) की सुविधा लागू करने की मांग उठाई।

झारखंड प्रदेश यूथ इंटक कमिटी के अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद कई कर्मियों को उचित वेतन, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने संबंधित विभाग और नियोजकों से सफाई कर्मियों की समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने की मांग की।

कमिटी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि सफाई कर्मियों को 26 दिनों के आधार पर वेतन देने के बजाय पूरे 30 दिनों का मासिक वेतन दिया जाना चाहिए। साथ ही ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मियों की सीधी और स्थायी नियुक्ति की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें रोजगार में स्थिरता के साथ अपने भविष्य की सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

ज्ञापन में सभी पात्र सफाई कर्मियों को कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), भविष्य निधि (पीएफ) और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की भी मांग की गई है। इसके अलावा कर्मियों के लिए स्वास्थ्य बीमा, समुचित चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कमिटी ने संबंधित विभाग और नियोजकों से मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सफाई कर्मियों को उनका अधिकार दिलाने की अपील की।