kkk

पश्चिमी सिंहभूम, 09 अक्टूबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में दुर्गा पूजा के अवसर पर शनिवार, 10 अक्टूबर को महिषासुर मर्दिनी नृत्य-नाटिका का भव्य मंचन किया जाएगा। शारदा संगीतालय की ओर से शाम छह बजे से पिल्लई हॉल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शहर के 100 से अधिक कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को यादगार बनाने के लिए संस्था की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।

शुक्रवार को शारदा संगीतालय के निदेशक मानस राय ने बताया कि संस्था पिछले पांच वर्षों से महिषासुर मर्दिनी नृत्य-नाटिका का मंचन करती आ रही है। शुरुआत में इसका आयोजन श्री श्री हरि बोल दुर्गा मंदिर समिति के परिसर में किया जाता था। वर्ष 2024 से यह कार्यक्रम पिल्लई हॉल में आयोजित हो रहा है। इस वर्ष प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाने के लिए कहानी, दृश्यों और मंचीय संयोजन में कई नए प्रयोग किए गए हैं।

नृत्य-नाटिका के माध्यम से देवी दुर्गा और असुर राजा महिषासुर के बीच हुए युद्ध की पौराणिक कथा को जीवंत किया जाएगा। मान्यता के अनुसार, देवी दुर्गा ने महिषासुर का वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत और धर्म की स्थापना का संदेश दिया था। नृत्य, संगीत और अभिनय के समन्वय से कलाकार इस प्रसंग को मंच पर प्रस्तुत करेंगे।

मानस राय ने बताया कि कार्यक्रम में गायन, नृत्य, अभिनय और वादन मंडलियों के कलाकार अपनी भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही रूप-सज्जा और विद्युत सज्जा की टीमें भी प्रस्तुति को आकर्षक बनाने में जुटी हैं। इस बार कलाकारों की वेशभूषा असम से मंगवाई गई है। मेकअप के लिए असम के प्रसिद्ध मेकअप आर्टिस्ट के साथ जमशेदपुर के कलाकार भी सहयोग करेंगे।

शारदा संगीतालय के सदस्यों ने शहर के कला-प्रेमियों और आम लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। संस्था को उम्मीद है कि नृत्य, संगीत और अभिनय से सजी यह प्रस्तुति दर्शकों को भारतीय पौराणिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।–