कोलकाता, 09 अक्टूबर । पश्चिम बंगाल की दो चर्चित विधानसभा सीटों, पूर्व मेदिनीपुर की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद की रेजिनगर पर हुए उपचुनाव की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुरुआती दौर से ही बड़ी बढ़त बना ली है। पांचवें राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद नंदीग्राम में भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ 41,500 वोटों से आगे चल रही हैं, वहीं रेजिनगर सीट पर भाजपा उम्मीदवार शाखराव सरकार 23,189 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 15 राउंड में वोटों की गिनती होनी है। सुबह आठ बजे डाक मतपत्रों की गिनती के साथ प्रक्रिया शुरू हुई थी और तभी से दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।
नंदीग्राम: पांचवें राउंड की समाप्ति के बाद भाजपा की हासिरानी रथ 41,500 मतों से आगे हैं। यहां कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान दूसरे स्थान पर, सीपीआई तीसरे, इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) चौथे और ऋतव्रत बनर्जी नीत लोकतांत्रिक तृणमूल पांचवें स्थान पर चल रही है।
रेजिनगर: पांचवें राउंड के बाद भाजपा के शाखारव सरकार 23,189 मतों से आगे हैं। यहां हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) दूसरे स्थान पर, कांग्रेस तीसरे, ममता तृणमूल चौथे, माकपा पांचवें और लोकतांत्रिक तृणमूल छठे स्थान पर खिसक गई है।
मतगणना के बीच विपक्षी दलों ने चुनाव में धांधली और बूथ कब्जे के गंभीर आरोप लगाए हैं। रेजिनगर में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी ने खुद मतदान केंद्रों में घुसकर फर्जी मतदान कराया, जिसको लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से चुनाव रद्द करने और मतगणना रोकने की मांग की थी। हालांकि, भाजपा उम्मीदवार ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह केवल ईवीएम में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने पर स्थिति देखने गए थे। भाजपा का कहना है कि अपनी करारी हार तय देखकर विपक्ष अब बहानेबाजी कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा नंदीग्राम सीट छोड़ने और एजेयूपी नेता हुमायूं कबीर द्वारा रेजिनगर सीट रिक्त करने के कारण ये उपचुनाव कराए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों ही सीटों पर मतगणना जारी है और भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर दिख रही है।
