एलआईसी बिल्डिंग

पूर्वी सिंहभूम, 27 सितंबर ।

बिष्टुपुर स्थित एलआईसी बिल्डिंग में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया।

आधी रात के बाद बिल्डिंग की चौथी मंजिल से आग की लपटें और घना धुआं निकलते देख वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी।

आग की भयावहता को देखते हुए झारखंड अग्निशमन विभाग के साथ टाटा स्टील के अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

बताया जाता है कि रात करीब दो बजे के बाद सुरक्षा कर्मियों की नजर चौथी मंजिल से उठ रही आग की लपटों पर पड़ी। देखते ही देखते आग ने वहां रखे सामान को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।

सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। करीब चार दमकलों की मदद से लगातार पानी की बौछार की जाती रही।

आग इतनी भीषण थी कि चौथी मंजिल से लगातार धुआं निकलता रहा और अग्निशमन कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब तीन घंटे तक अभियान चलाने के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है।

अग्निशमन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग में किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है। घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।