ha

मेदिनीपुर, 19 सितंबर। पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया में छह हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे पेट्रोकेमिकल संयंत्र का 14 अक्टूबर को उद्घाटन किया जाएगा।पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसे दुर्गापूजा से पहले राज्यवासियों के लिए उपहार बताया।

शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे मुख्यमंत्री इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की हल्दिया रिफाइनरी में आयोजित विश्वकर्मा पूजा समारोह में पहुंचे। उन्होंने आरती में हिस्सा लिया और प्रतिमा के दर्शन के बाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की ओर से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत बसुलिया अस्पताल में सिजेरियन वार्ड, स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं, सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए सहायक सामग्री उपलब्ध कराने की योजनाओं का शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में औद्योगिकीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले शासन के दौरान उद्योगों के क्षेत्र में कमी आई थी और भाजपा की सरकार बनने के बाद औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के लिए काम किया जा रहा है।

शुभेंदु अधिकारी ने हल्दिया के सांसद रहते हुए किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय हल्दिया औद्योगिक क्षेत्र में करीब दो हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ था। उन्होंने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित और भारत सरकार की लाभ कमाने वाली संस्था बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की हल्दिया रिफाइनरी में एक और नई इकाई शुरू करने की पहल की गई है। इसके लिए राज्य सरकार आईओसी को 175 एकड़ जमीन उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि उनके पास कई नई औद्योगिक परियोजनाओं के प्रस्ताव आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले पेप्सी कंपनी के अधिकारियों को हल्दिया में जमीन देखने के लिए भेजा गया था। अधिकारियों ने कल्याणी और हल्दिया में जमीन देखी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कंपनी जहां जमीन चाहती है, वहां 30 से 40 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जाएगी और हल्दिया में पेप्सी का एक बड़ा संयंत्र आएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 अक्टूबर को, षष्ठी से ठीक पहले, वह हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स के छह हजार करोड़ रुपये के संयंत्र के शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि इसे राज्यवासियों के लिए पूजा के उपहार के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा समूह के राज्य से चले जाने के बाद अब कई औद्योगिक समूह बंगाल में निवेश के लिए आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि संजीव गोयनका ने उनसे मुलाकात कर हल्दिया में एक और संयंत्र लगाने की इच्छा जताई है।