साहिबगंज, 19 सितंबर। साहिबगंज जिले के बरहेट क्षेत्र में किसानों को यूरिया की खरीद ऊंची दरों पर करनी पड़ रही है। किसानों का आरोप है कि खाद विक्रेता किसानों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूल कर रहे हैं।
किसानों के अनुसार, यूरिया खाद की निर्धारित कीमत 266.50 रुपये प्रति बोरी है, लेकिन आरोप है कि कुछ दुकानदार एक बोरी पर लगभग 100 रुपये अतिरिक्त वसूल रहे हैं। किसानों का कहना है कि मजबूरी में अधिक कीमत देकर खाद खरीदनी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है।
किसानों ने साहिबगंज जिला प्रशासन और उपायुक्त से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले को लेकर मुकेश कुमार मंडल, विनोद मुर्मू, गणेश मरांडी और हरीलाल मंडल ने भी प्रशासन से खाद की बिक्री निर्धारित दर पर सुनिश्चित कराने तथा किसानों से अधिक राशि वसूली की जांच कराने की मांग रखी है।
