साहिबगंज राहत कार्य

रामपुर दियारा के रामनगर और घुण्डर टोला में पहुंची पुलिस टीम, बीमार मवेशियों का भी कराया उपचार

साहिबगंज, 19 सितंबर। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से साहिबगंज जिले के कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ की इस स्थिति में प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए साहिबगंज पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुदूर रामपुर दियारा स्थित रामनगर टोला और घुण्डर टोला का दौरा किया।

बाढ़ का पानी इन इलाकों में प्रवेश कर जाने के कारण कई परिवार प्रभावित हैं। पुलिस टीम ने बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचकर खाने-पीने की सामग्री सहित अन्य आवश्यक सामान वितरित किया। पुलिसकर्मियों ने प्रभावित लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

मवेशियों का भी कराया उपचार

राहत अभियान के दौरान पुलिस ने बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ-साथ मूक पशुओं की स्थिति का भी जायजा लिया। दियारा क्षेत्र में पानी जमा होने और चारे की कमी के कारण मवेशियों में बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन के सहयोग से पशु चिकित्सक को मौके पर ले जाया गया।

पशु चिकित्सक ने प्रभावित मवेशियों की जांच की और बीमार पशुओं को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। इस पहल से पशुपालकों को भी राहत मिली।

साहिबगंज पुलिस के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने तथा जरूरतमंदों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस टीम लगातार सक्रिय है। आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पुलिस चौबीसों घंटे प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए है।