v

कोलकाता, 19 सितंबर। पश्चिम बंगाल के ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने कोलकाता के ललित कला अकादमी क्षेत्रीय केंद्र में आयोजित कला प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे कला और संस्कृति का सुंदर संगम बताया है। शनिवार सुबह समाज माध्यम पर एक पोस्ट के जरिए उन्होंने शुक्रवार शाम को प्रदर्शनी के उद्घाटन में शामिल होने की जानकारी साझा की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित ‘प्राधान्य- विजुअल क्रिएशन की एक अनूठी प्रदर्शनी’ का आयोजन मध्यग्राम भारती शिल्पकला फाउंडेशन और बंगाल आर्टिस्ट्स वॉरियर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है।

दिलीप घोष ने अपने पोस्ट में प्रदर्शनी में शामिल कलाकृतियों की सराहना करते हुए कलाकारों की रचनात्मकता और उनकी दूरदर्शी सोच को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी माता के साथ संबंधित चित्रों का भी उल्लेख किया।

दिलीप घोष ने बताया कि एक प्रतिभाशाली कलाकार ने उनकी माता के साथ उनकी एक विशेष तस्वीर पर आधारित चित्र उन्हें उपहार में दिया है। उन्होंने इसे अपने लिए भावनात्मक और अमूल्य प्राप्ति बताया।

प्रदर्शनी 24 सितंबर तक चलेगी। दिलीप घोष ने लोगों से प्रदर्शनी देखने और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए इसमें शामिल होने का आह्वान किया है।