गंगामिशन साहिबगंज पौध वितरण कार्यक्रम

एक वृक्ष मां के नामलगाने का किया आह्वान, विद्यालय परिसर में भी लगाया पौधा

साहिबगंज, 18 सितंबर। गंगा मिशन कोलकाता-साहिबगंज की ओर से चलाए जा रहे वृक्षारोपण सह पौधा वितरण अभियान के तहत शुक्रवार को सेठ जमुनादास चौधरी बालिका उच्च विद्यालय में 100 छात्राओं के बीच फलदार पौधों का वितरण किया गया। सुबह 7.30 बजे आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को आम, कटहल, नारियल और आंवला के पौधे दिए गए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मो. यूसुफ ने कहा कि गंगा मिशन की ओर से विद्यालय में पौधारोपण सह वितरण कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय पहल है। छात्राएं अपने-अपने घरों में इन फलदार पौधों को लगाकर उनकी देखभाल करेंगी। इससे न केवल उन्हें भविष्य में फल प्राप्त होंगे, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा। उन्होंने छात्राओं को अपने हाथों से पौधे वितरित किए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भी एक पौधा लगाया गया।

कार्यक्रम में अवकाश प्राप्त शिक्षक चंपक दत्ता ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे जीवन और प्रकृति के संतुलन के लिए आवश्यक हैं। अधिवक्ता राजीव कुमार सिन्हा ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने घर और आसपास ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल करें।

प्रमोद पांडे ने कहा कि अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने से पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। अशोक सराफ ने पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल पर जोर दिया।