premika

पुरुलिया, 15 सितंबर। पुरुलिया में 21 वर्षीय प्रीतिका महतो की हत्या के मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान घटना से पहले प्रेमी-प्रेमिका के बीच हुई आखिरी बातचीत सोमवार रात सामने आई है। आरोपित अमित कुमार महतो ने पुलिस को बताया है कि प्रीतिका के पास किसी दूसरे युवक का फोन आने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने अपना आपा खो दिया और प्रीतिका की हत्या कर दी। हालांकि, पूछताछ में अमित ने दावा किया कि वह उसकी हत्या नहीं करना चाहता था।

पुलिस के अनुसार, अमित ने बताया कि प्रीतिका के पास दूसरे युवक का फोन आने पर उसने कहा कि तुम तो फिर उसी के साथ रहो। इस पर प्रीतिका ने कथित तौर पर कहा कि उनके बीच इतने दिनों से संबंध है। इसके बाद अमित ने कहा, “नहीं, ऐसा नहीं हो सकता।” इसी दौरान प्रीतिका ने कथित तौर पर कहा, “तो मुझे मार डालो।” इसके बाद अमित ने पहले उसका गला दबाया और फिर धारदार हथियार से उसके गले पर वार कर दिया। प्रीतिका की मौके पर ही मौत हो गई।

अमित ने पुलिस से कहा कि मैं मारना नहीं चाहता था। उस समय उसके नए प्रेमी का फोन आने से मेरा दिमाग खराब हो गया। इसके बाद जो हुआ, हो गया।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद अमित ने शव को ठिकाने लगाने की तैयारी की थी। उसने पहले शव को मेस में मौजूद एक बोरी में रखने की कोशिश की, लेकिन बोरी छोटी पड़ गई। इसके बाद उसने कमरे में ताला लगाया और बाइक से दुलमी स्थित पेट्रोल पंप पहुंचकर 150 रुपये का ईंधन लिया। वहां से लौटने के दौरान उसने एक किराना दुकान से आटे की बोरी खरीदी। मेस में लौटकर उसने शव को बोरी में डालकर रस्सी से बांध दिया। बोरी को सुरक्षित रखने के लिए मोबाइल चार्जर के तार से भी बांधा। इसके बाद उसने कमरे में पानी डालकर सफाई की और अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि शनिवार शाम पुरुलिया शहर के उपकंठ में टामना थाना क्षेत्र के रामकृष्णपल्ली स्थित एक मेस में प्रीतिका महतो की कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि हत्या के बाद अमित शव को बोरी में भरकर बाइक से ठिकाने लगाने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नाका जांच में उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने मेस के कमरे को सील कर दिया है और मंगलवार को वहां फोरेंसिक टीम के पहुंचने की बात है।

बलरामपुर थाने की पुलिस ने देवेन महतो राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को पत्र भेजकर पोस्टमार्टम से संबंधित जानकारी मांगी है। सोमवार शाम तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली थी।

इधर, बलरामपुर के भाजपा विधायक रहिदास महतो, भाजपा जिला अध्यक्ष शंकर महतो और जिला परिषद सदस्य राकेश महतो ने प्रीतिका के बाघमुंडी के बुड़दा गांव स्थित घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और सहयोग का आश्वासन दिया।

पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक कुमार शानी राज ने बताया कि आरोपित ने खुद हत्या की बात स्वीकार की है। मामले की जांच जारी है। आरोपित की पहचान करने में मदद करने वाले बलरामपुर के ग्राम पुलिस लक्ष्मीकांत कुमार को पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित भी किया है।