हाथियों का झुंड 2

गिरिडीह, 7 सितंबर। हाथियों का एक झुंड इन दिनों सदर प्रखंड के मिर्जाडीह और बजटो के बीच बराकर नदी के किनारे स्थित साल के जंगल में  विचरण कर रहा है।  हाथियों की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। विभागीय टीम हाथियों की गतिविधियों और उनके मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है।

हाथियों के आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ने की स्थिति में आसपास के ग्रामीणों को सतर्क करने के उद्देश्‍य से वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरों की मदद से  हाथियों के झुंड की सटीक लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रख  रही है।

वन विभाग ने  ग्रामीणों से हाथियों के झुंड के करीब न जाने और उन्हें किसी भी तरह से परेशान करने या उकसाने का प्रयास न करने की अपील की है ।  जंगल के आसपास रहने वाले लोगों से  विशेष सावधानी बरतने और हाथियों की गतिविधि की जानकारी मिलने पर वन विभाग को तत्काल सूचित करने की सलाह दी गई है।