पूर्वी सिंहभूम, 06 सितंबर । पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड की मानुषमुड़िया पंचायत में जामजुरकी नदी के पास रविवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भादुआ गांव निवासी पवित्र महतो (19) और हीरो महतो (20) के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से मानुषमुड़िया की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जामजुरकी नदी के समीप सुनसान स्थान पर उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए झाड़ग्राम अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। युवकों की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और वहां कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर बहरागोड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
