hirasat

सिलीगुड़ी, 19 अगस्त । राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की सिलीगुड़ी यूनिट ने फांसीदेवा के फूलबाड़ी-घोषपुकुर टोल प्लाजा के पास आलू लदे ट्रक से आठ हजार 200 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है। बरामद खेप की कीमत करीब 82 लाख रुपये बताई गई है। मामले में ट्रक चालक मोहीउद्दीन (31) और सहचालक एमडी आरिफ (30) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं। दोनों आरोपितों को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बुधवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

डीआरआई के अनुसार, हावड़ा से एक मालवाही ट्रक में आलू की बोरियों की आड़ में प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई सिलीगुड़ी यूनिट की टीम ने मंगलवार शाम फूलबाड़ी-घोषपुकुर टोल प्लाजा के पास अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। डीआरआई मामले की आगे जांच कर रही है।