मुक्‍तेश्‍वर धाम पर श्रम दान

दिया  प्लास्टिक मुक्त गंगा और हरित पर्यावरण का संदेश

साहिबगंज, 5 जुलाई । गंगा मिशन, कोलकाता के सौजन्य से तथा साहिबगंज नगर पालिका के सहयोग से रविवार प्रातः मुक्तेश्वर धाम गंगा घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान का आयोजन किया गया। अभियान में शिक्षा केंद्र के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, नगर परिषद के कर्मियों, गंगा समिति के सदस्यों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गंगा घाट की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान घाट परिसर से प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर उनका समुचित निस्तारण किया गया। सभी प्रतिभागियों ने प्लास्टिक मुक्त गंगा, स्वच्छ गंगा का संकल्प लिया तथा लोगों से गंगा तटों पर कचरा एवं प्लास्टिक नहीं फेंकने की अपील की।

इस अवसर पर मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य एवं जिला गंगा समिति, साहिबगंज के सदस्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि गंगा हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत है। इसे स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने वन महोत्सव सप्ताह के अवसर पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा जलवायु संतुलन के आधार हैं। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम करने, नियमित स्वच्छता अभियान चलाने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल करने का आग्रह किया।

डॉ. सिंह ने कहा, “सिर्फ़ 60 मिनट का श्रमदान गंगा के प्रति सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी का सशक्त संदेश बन सकता है।

कार्यक्रम में एपीओ संजय कुमार तिवारी, नगर परिषद के कर्मी शिव हरि एवं सुरेश निर्मल, शिक्षा केंद्र के अनिकेत, नीति कुमारी एवं जिया कुमारी ने अपने संबोधन में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तथा गंगा संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों से नियमित श्रमदान एवं जनभागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुकेश कुमार, श्याम लाल उरांव, कुंदन व  विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नगर परिषद कर्मी एवं स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक श्रमदान कर गंगा घाट की सफाई की तथा स्नान कर रहे श्रद्धालुओं से गंगा में साबुन, शैम्पू , पोलीथीन, दातुन आदि नहीं डालने की अपील की।

इस अवसर पर  जलीय जीवों का शिकार नहीं करने, हरित और प्रदूषणमुक्त पर्यावरण का निर्माण करने का संकल्प लिया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ गंगा अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।