दीपावली पर टाटा वर्कर्स यूनियन ने 114 बेड वाले अत्याधुनिक

पूर्वी सिंहभूम, 08 नवंबर ।दीपावली के अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन ने कैंसर से पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी सौगात दी है।

यूनियन के प्रयास से 114 बेड वाले अत्याधुनिक कैंसर रेस्ट हाउस का निर्माण पूरा होने के बाद रविवार को इसका विधिवत उद्घाटन किया गया। इस रेस्ट हाउस के शुरू होने से कैंसर के इलाज के लिए जमशेदपुर आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को रहने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

कैंसर रेस्ट हाउस का उद्घाटन टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदरा रामम और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी (टुन्नू चौधरी) ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में यूसीएम मौजूद रहे।

रेस्ट हाउस में कुल 114 बेड के साथ आधुनिक सुविधाएं और अलग-अलग केबिन की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य दूरदराज से कैंसर का इलाज कराने के लिए आने वाले मरीजों और उनके साथ रहने वाले परिजनों को सुरक्षित, सुविधाजनक और अपेक्षाकृत आरामदायक आवास उपलब्ध कराना है। गंभीर बीमारी के दौरान मरीजों के परिजनों को होने वाली आवास संबंधी परेशानियों को कम करने में यह सुविधा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस परियोजना का वित्तपोषण टिमकेन फाउंडेशन, टाटा स्टील और टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) ने संयुक्त रूप से किया है, जबकि इसके संचालन और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी टाटा वर्कर्स यूनियन को सौंपी गई है। परियोजना को धरातल पर उतारने में टाटा स्टील के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया गया।