पूर्वी सिंहभूम, 08 नवंबर ।दीपावली के पावन अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर ने शहीद सैनिकों के परिजनों के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
परिषद के प्रतिनिधियों ने विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और मिठाई व अंगवस्त्र भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस पहल के माध्यम से पूर्व सैनिकों ने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और कृतज्ञता का संदेश दिया।
परिषद के सदस्यों ने शहीदों की माताओं, वीर नारियों और बच्चों से बातचीत कर उनके सुख-दुख को जाना तथा हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इसी क्रम में परिषद के प्रतिनिधि आदित्यपुर स्थित शहीद मनोज कुमार के आवास पहुंचे। वहां शहीद की पत्नी सुनीता शर्मा, बच्चों और अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया गया और दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं।
इसके अलावा परिषद के सदस्य शहीद किशन दुबे की पत्नी जगमाया देवी के कीताडीह स्थित आवास, शहीद जितेंद्र कुमार की पत्नी दुर्गावती देवी के बागबेड़ा स्थित आवास तथा शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद मनोरंजन कुमार के पिता नायब सूबेदार नवीन कुमार के बालीगुमा स्थित आवास पर भी पहुंचे। सभी परिवारों को मिठाई भेंट कर दीपावली की खुशियों में शामिल किया गया।
परिषद के प्रतिनिधियों ने कहा कि दीपावली के अवसर पर शहीद परिवारों के बीच पहुंचना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके बलिदान के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवाओं के लिए आभार व्यक्त करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति और उनके परिवारों की गरिमा को हमेशा सम्मान के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धनाथ सिंह, वरिष्ठ सदस्य एसके सिंह, अवधेश कुमार, कुंदन सिंह, वरुण कुमार, मनोज सिंह, संजय सिंह, शैलेश सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
