तीन अपराधी गिरफ्तार

पलामू, 03 जुलाई । पलामू जिले की रामगढ़ पुलिस ने खिलौने वाले गन से लूटपाट करने वाले तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी से बाइक और मोबाइल लूटकांड का उद्भेदन हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई स्प्लेंडर प्लस बाइक, मोबाइल सहित घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक और अन्य सामान बरामद किये हैं।

पुलिस के अनुसार, बेनीडीह गांव के कबरा बथान निवासी सूरजदेव भुईयां ने 23 जून को रामगढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 जून की शाम करीब 8 बजे सरहुआ से अपने घर लौटने के दौरान तिनकोनिया मोड़ के पास बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनका पीछा कर रास्ता रोक लिया। इसके बाद मारपीट कर उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर रामगढ़ थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले चंदन कुमार को गिरफ्तार किया, जिसके पास से लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अक्षय कुमार रजक और अंकुर कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई स्प्लेंडर बाइक चैनपुर थाना क्षेत्र के भड़गांव स्थित एक रिश्तेदार के घर से बरामद की गई। पुलिस ने आरोपिताें के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया खिलौना पिस्टल, चार मोबाइल फोन, लूटी गई बाइक का नंबर प्लेट, दोनों लुकिंग ग्लास, एक प्लास, एक स्क्रू ड्राइवर और दो रिंच भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार तीनों आरोपिताें को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने शुक्रवार इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि तीनों आरोपित रामगढ़ के ग्राम बाघी के धोबी टोला के रहने वाले हैं।