tran

धूमल प्रतीक अशोक ने संभाला कांथी नगरपालिका के प्रशासक का कार्यभार

पूर्व मेदिनीपुर, 25 मई । तृणमूल कांग्रेस के 14 पार्षदों के इस्तीफे के बाद कांथी नगरपालिका बोर्ड भंग हो गया है। इसके बाद सोमवार से कांथी के जिलाधिकारी धूमल प्रतीक अशोक ने नगरपालिका के प्रशासक का कार्यभार संभाल लिया। अगला चुनाव होने तक नगरपालिका का पूरा प्रशासनिक कामकाज उनके नेतृत्व में चलेगा। पार्षद भी उन्हें सहयोग करेंगे।

साल 2022 के नगरपालिका चुनाव में कांथी नगरपालिका की 21 सीटों में से 17 पर जीत हासिल कर तृणमूल कांग्रेस ने बोर्ड बनाया था। भाजपा को तीन सीटें मिली थीं, जबकि एक निर्दलीय उम्मीदवार जीता था। बाद में तृणमूल का एक पार्षद भाजपा में शामिल हो गया, जिससे भाजपा पार्षदों की संख्या चार हो गई। अब तृणमूल के 14 पार्षदों के इस्तीफे के बाद बोर्ड गिर गया।

सोमवार को जब जिलाधिकारी ने प्रशासक के रूप में कार्यभार संभाला, उस समय भाजपा के पार्षद अरूप कुमार दास, सुशील दास, तापस दोलुई तथा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुबल मान्ना सहित नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि लंबे समय से नगरपालिका की सेवाओं को लेकर आम लोगों में नाराजगी थी। विभिन्न कार्यों के लिए नगरपालिका आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सरकार बदलने के बाद से ही नगरपालिका अध्यक्ष सुप्रकाश गिरी समेत कई तृणमूल पार्षद नगरपालिका आना लगभग बंद कर चुके थे। इस संबंध में नगरपालिका के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर ने सभी पार्षदों को पत्र भी भेजा था। इसके बाद उपाध्यक्ष सहित 14 तृणमूल पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया।