खूंटी आक्रोश मार्च

सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

रांची, 12 मई। में बिजली और पानी की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को राज्‍य में कई स्‍थानों पर धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और घड़ा फोड़कर अपना विरोध जताया।

खूंटी—  खूंटी जिले में भारतीय जनता पार्टी  ने पेयजल एवं बिजली समस्या को लेकर मंगलवार को आक्रोश मार्च निकाला और उपायुक्त कार्यालय के समक्ष घड़ा फोड़ कर आक्रोश व्यक्त किया। आक्रोश मार्च कचहरी मैदान से शुरु होकर उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचा। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा।

आक्रोश रैली में शामिल महिला और पुरुष कार्यकर्ता घड़े और पार्टी के झंडे लेकर शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के समक्ष घड़े फोड़कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रविन्द्र राय ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार लोगों को प्यासी मारने पर तुली हुई। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। घंटों विद्युत आपूर्ति ठप रहती है। उन्होंने कहा कि झारखंड का निर्माण भाजपा ने कराया है, इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनकी समस्याओं को लेकर आवाज उठाएं। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि हेमंत सरकार राज्य की जनता को बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध कराने में असफल है। उन्होंने कहा कि बिजली पानी की समस्या से तो जनता जूझ ही रही है, कानून व्यवस्था भी ध्वस्त हो चुकी है।

सरकार की नींद नहीं खुली तो भाजपा उग्र करेगी आंदोलन

पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि पूरे राज्य में अराजकता की स्थिति है। बिजली, पानी, स्वास्थ्य सड़क सभी की स्थिति खराब है। वर्षों से सड़कों का निर्माण कार्य अधूरा है। सरकार की नींद नहीं खुली तो भाजपा और उग्र आंदोलन करेगी। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आनन्द कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो आदि कर रहे थे। प्रदर्शन में मुनेश्वर साहू, बालमुकुंद सहाय, जिला महामंत्री रुपेश जायसवाल, संतोष जायसवाल, प्रियांक भगत, निखिल कंडुलना, अर्जुन पाहन , विनोद धान, लखींद्र नायक, कैलाश राम, महावीर राम, सुबोध गुप्ता आदि मौजूद थे।

लोहरदगा में प्रदर्शन

 लोहरदगा –  लोहरदगा में बिजली और पानी की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और घड़ा फोड़कर अपना विरोध जताया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार पर जनता की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

मौके पर विधायक शशिभूषण मेहता के नेतृत्व मे जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज के साथ कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जिला मुख्यालय में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने धरना देते हुए राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “हेमंत सरकार मुर्दाबाद” और “जनता को पानी-बिजली दो” जैसे नारे लगाए। विरोध जताने के लिए कार्यकर्ताओं ने घड़ा फोड़ प्रदर्शन भी किया।

मौके पर विधायक मेहता ने कहा कि राज्य सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल हो चुकी है। लोहरदगा की जनता बिजली और पानी की समस्या से परेशान है, लेकिन सरकार केवल वादे कर रही है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी में लोग बिजली और पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरना के बाद राज्यपाल के नाम उपायुक्त लोहरदगा को ज्ञापन भी दिया गया। मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

पाकुड़ मे घड़ा फोड़ प्रदर्शन 

पाकुड़ में बिजली और पानी की समस्या को लेकर भाजपा जिला इकाई ने राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेलवे मैदान से सिद्धो-कान्हू मुर्मू पार्क तक रैली निकाली। इस दौरान महिलाओं ने सिर पर मटका रखकर घड़ा फोड़ प्रदर्शन किया।पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने राज्य सरकार पर बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया। वहीं जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने स्मार्ट मीटर से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द समस्या समाधान की मांग उठाई। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मेघा भारद्वाज को मांग पत्र सौंपा।