पूर्वी सिंहभूम, 14 जून । विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 106 वाहिनी द्रुत कार्य बल (रैपिड एक्शन फोर्स) ने सदर अस्पताल के सहयोग से रविवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 31 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान 106 वाहिनी के कमांडेंट राजीव कुमार ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने सभी कार्मिकों से नियमित रक्तदान करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
शिविर में द्वितीय कमान अधिकारी कौशल साधन गिरि, उप कमांडेंट वच्चानदेव कुमार और चिकित्सा अधिकारी (उप कमांडेंट) डॉ ऋतुराज खाख सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। सदर अस्पताल की मेडिकल टीम ने सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया। एकत्रित रक्त का उपयोग विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत जरूरतमंद मरीजों के लिए किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक लोगों को इस जनहितकारी अभियान से जोड़ना था।
