नशे के विरुद्ध संगोष्‍ठी

बीकानेर, 29 मार्च। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, बीकानेर पुलिस एवं बीकानेर रन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नशे के विरुद्ध जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। शनिवार शाम आयोजित इस संगोष्‍ठी में 100 से अधिक  युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं टास्क फोर्स प्रभारी महेन्द्र दत्त शर्मा ने विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों, उनके दुष्प्रभावों तथा सामाजिक और पारिवारिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की ।

कार्यक्रम के आरम्‍भ में ईशान शर्मा ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बताया कि बीकानेर रन क्लब, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के सहयोग से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा, ताकि समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़े और युवाओं को सही दिशा मिल सके।

कार्यक्रम का संचालन नमस्ते भारत फाउंडेशन की अस्मा नाज़ ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम के अंत में सीए सुधीश शर्मा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह सामूहिक पहल समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम का समापन “नशे से इनकार – जीवन से प्यार” के संदेश के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।