गिरफ्तार

पलामू, 9 अक्टूबर । जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सांगबार-कुवंरबांध में 30 सितंबर की रात हुई 35 वर्षीया लाखो देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महिला के प्रेमी को बुधवार को रांची रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। गुरूवार को उसे सार्वजनिक किया गया। एसपी रीष्मा रमेशन ने इस सबंध में प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी है।

एसपी के अनुसार एक अक्टूबर को सांगबार-कुवंरबांध में महिला का शव बरामद हुआ था। इस संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर सात दिन बाद महिला के प्रेमी सांगबार के संदीप कुमार (26) को गिरफ्तार किया गया। संदीप ने पूछताछ में बताया कि वह महिला से बातचीत करता था। शारीरिक संबंध भी बनाए थे , लेकिन जब वह बाहर काम करने चला गया तो महिला ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक लिस्ट में डाल दिया।

23 सितंबर को बेंगलुरू से काम करके लौटा तो पता चला कि महिला किसी दूसरे व्यक्ति से फोन पर बातचीत करती है। 30 सितंबर की रात मौके का फायदा उठाकर वह रौशनदान से उसके घर में घूस गया और सहमति से उसके साथ यौन संबंध बनाए । मोबाइल नंबर ब्लॉक लिस्ट में डालने को लेकर बातचीत के क्रम में हाथा-पाई होने लगी। इसी क्रम में उसने  रोटी बनाने वाले पीढ़ा से मारकर और लोढा से कूच कूच कर महिला की हत्या कर दी और  भाग निकला।
मौके से खून लगा चादर और महिला का मोबाइल भी ले गया। पास के सुखे कुएं में डाल दिया और खून लगे पहने हुए गंजी एवं शर्ट को झाड़ी में छुपा दिया। अगले दिन आरोपित घर से फरार हो गया। संदीप की निशानदेही पर महिला का मोबाइल फोन, चादर एवं उसका खून लगा गंजी और शर्ट बरामद किया गया।

कार्रवाई करनेवाली टीम में लेस्लीगंज के थाना प्रभारी उतम कुमार राय, विक्रम सिंह, राजू मांझी, अजय कुमार सहित अन्‍य जवान शामिल थे।