पूर्वी सिंहभूम, 27 सितंबर । जिले के घाटशिला प्रखंड के झांटीझरना पंचायत के डाइनमारी गांव में हुई घटना में महिला नानिका हेम्ब्रम (42) की मौत हो गई। वह 16 सितंबर की रात शौच के लिए घर से निकली थीं, तभी अंधेरे के कारण 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आ गईं।
गंभीर रूप से झुलसने के बाद ग्रामीणों ने उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां लगातार उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात नानिका ने दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। नानिका हेम्ब्रम चार बच्चों की मां थीं।
