पश्चिमी सिंहभूम, 27 अप्रैल । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान 24-25 वर्षीय मनीषा बारी के रूप में हुई है। वह झींकपानी थाना क्षेत्र के बासाहातु गांव निवासी मंगल मुंडा की पत्नी थी। मनीषा का एक चार साल का बेटा भी है।
परिजनों के अनुसार, वह एक दिन पहले अपने मामा के घर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करलाजुड़ी गांव आई हुई थी।
मनीषा के पिता मोरा बारी और उसके भासुर जगराम मुंडा ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे मनीषा अपने छोटे भाई सुखलाल बारी के साथ चक्रधरपुर स्टेशन जाने के लिए निकली थी। दोनों सड़क मार्ग से स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शारदा गांव से कुछ दूरी आगे चक्रधरपुर से चाईबासा की ओर आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीषा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई सुखलाल बारी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल सुखलाल को तत्काल सदर अस्पताल की आपातकालीन सेवा में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
वहीं पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है।
