शव बरामद

पलामू, 13 जुलाई । पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के करडंडा गांव निवासी धर्मेन्द्र मेहता की पत्नी अनिता देवी(48) की सोमवार को रेल हादसे में मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार महिला की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। अनिता देवी इलाज कराने के लिए जपला जाने के उद्देश्य से घर से निकली थीं। उन्हें डीजीआर ट्रेन पकड़नी थी। बताया जा रहा है कि जिस रेलवे अंडरपास से लोगों का आवागमन होता है, उसमें काफी कीचड़ और पानी जमा था। इसी वजह से महिला ने अंडरपास से गुजरने के बजाय रेलवे ट्रैक के ऊपर से पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान काशी स्रोत रेल पुल के समीप पोल संख्या 347/13-15 के बीच डाउन दिशा से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि अनिता देवी को कम सुनाई देता था। आशंका है कि इसी कारण उन्हें पीछे से आ रही मालगाड़ी की आवाज का आभास नहीं हो सका। घटना की सूचना पर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

मृतका के पति धर्मेन्द्र मेहता बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।