खूंटी, 18 जनवरी । खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड अंतर्गत बकसपुर पंचायत की लापा सरना टोली में शनिवार की मध्यरात्रि एक जंगली हाथी ने भारी उत्पात मचाया। हाथी ने किसान हिलारियुस आइंद के घर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और घर में रखे अनाज को खा गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथी के गांव में प्रवेश करने की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। जंगली हाथी की मौजूदगी से भयभीत ग्रामीण पूरी रात जागते रहे। लोगों ने मशाल जलाकर, शोरगुल कर और पारंपरिक उपायों के माध्यम से हाथी को गांव से बाहर निकालने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह हाथी गांव से निकलकर जंगल की ओर चला गया, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बकसपुर पंचायत की मुखिया पूनम बारला ने इस संबंध में बताया कि इलाके में एक अकेला हाथी लगातार आसपास के कई गांवों में आतंक का कारण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जब भी यह हाथी किसी गांव में प्रवेश करता है, तो इसका मुख्य निशाना किसानों के घर होते हैं, जिससे जान-माल का गंभीर खतरा बना रहता है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथी की नियमित निगरानी बढ़ाने, गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने और प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में किसी बड़ी और गंभीर घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
