कोलकाता, 23 अप्रैल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के दौरान मौसम भी मतदाताओं की परीक्षा ले रहा है। राज्य के कई हिस्सों में तेज गर्मी और उमस के कारण मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जिससे मतदान के दौरान लोगों को गर्मी झेलनी पड़ी।
अलीपुर मौसम विभाग के मुताबिक कोलकाता में गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 0.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा था। पूरे दिन तापमान 27 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया गया है, जबकि आर्द्रता 57 से 91 प्रतिशत तक पहुंचने से उमस और बढ़ी हुई है।
मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति की चेतावनी भी दी है। पुरुलिया, पश्चिम बर्धमान, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर जैसे जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना जताई गई है। खासकर दोपहर के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया गया, जिससे मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े मतदाताओं को कठिनाई हुई।
हालांकि, उत्तर बंगाल के जिलों में मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रहा। वहां तापमान संतुलित रहने से मतदाताओं को अधिक परेशानी नहीं हुई। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि सप्ताहांत तक उत्तर बंगाल में बारिश हो सकती हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान कराया गया है, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी।
