s

कोलकाता, 23 अप्रैल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत पहले चरण का मतदान जारी है। पहले चरण में गुरुवार सुबह राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग शुरू हुई। बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जानकारी के अनुसार दोपहर 1 बजे तक 62.18% वोट दर्ज हुआ है। इसे अच्छा प्रतिशत बताया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि इस चरण में करीब 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के लिए पात्र हैं। मतदान शाम तक जारी रहेगा। चुनाव आयोग ने संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की है और मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पहले चरण में कई महत्वपूर्ण और चर्चित सीटों पर मुकाबला देखने को मिल रहा है। प्रमुख उम्मीदवारों में सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, निशीथ प्रमाणिक और हुमायूं कबीर जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। नंदीग्राम, खड़गपुर सदर, सिलिगुड़ी और नोवदा जैसी सीटों पर मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है।

इस चुनाव में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। इसके अलावा कांग्रेस और वामपंथी दल भी चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। चुनावी मुद्दों में बेरोजगारी, विकास, कल्याणकारी योजनाएं और पहचान की राजनीति प्रमुख रूप से सामने आ रही है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा की कुल 294 सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण के बाद दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई 2026 को की जाएगी। इस चुनाव के नतीजे राज्य की आगामी राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।