पलामू, 01 सितंबर। सोन नदी का जलस्तर में लगातार बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने पलामू जिले के हुसैनाबाद क्षेत्र में नदी के किनारे रहने वाले ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
विभिन्न बैराजों एवं जलाशयों से करीब दो लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी सोन नदी में पहुंचने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया इससे सोन नदी के तटवर्ती इलाकों में खतरे की आशंका बढ़ गई है।
हुसैनाबाद प्रखंड के सोनपुरवा, देवरी खुर्द, देवरी कलां, बुधुआ, बड़ेपुर और दंगवार समेत कई गांवों में सोन नदी के किनारे भूमि कटाव जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से नदी के कटाव से बचाव के लिए तटबंध निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। जनप्रतिनिधियों द्वारा मांग किए जाने के बाद भी समस्या हल नहीं हो पाई है।
सोन नदी के बीच कई स्थानों पर बालू के ऊंचे टीले हैं। इन टीलों पर स्थानीय और कुछ बाहरी किसान परवल, खीरा समेत विभिन्न मौसमी सब्जियों की खेती करते हैं और कुछ लोग मवेशी भी रखते हैं। प्रशासन ने इन किसानों को समय रहते टीलों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर लौटने की सलाह दी है। किसान नावों के जरिये खेती और सामान लेकर लौटने लगे हैं तो कुछ लोग फसलों को बचाने और मवेशियों की देखभाल के लिए अभी भी नदी के बीच टीलों पर मौजूद हैं।
सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को कहा कि फिलहाल घबराने की आवश्यकता नहीं है। जलस्तर नियंत्रण में है और वर्तमान स्थिति स्थिर बनी हुई है। नॉर्थ कोयल समेत अन्य जलाशयों से करीब दो लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी सोन नदी में पहुंचने के कारण जलस्तर में वृद्धि हुई थी।
बरसात के मौसम में जलाशयों में पानी बढ़ने के साथ अतिरिक्त पानी को सोन नदी में छोड़ा जाता है। इंद्रपुरी स्थित सोन बराज से भी अतिरिक्त पानी को विभिन्न नहरों में छोड़े जाने की प्रक्रिया जारी है।
ऐसे में सोन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।सोन नदी का बहाव आगे बिहार के रोहतास जिले की ओर जाता है। इंद्रपुरी बराज और अन्य जल स्रोतों से पानी छोड़े जाने का असर रोहतास के सोन तटीय इलाकों पर भी पड़ सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी के बीच बने टीलों, निचले इलाकों और कटाव प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर चले जाएं।
