बकाया भुगतान की मांग पर सोमवार से जलपाईगुड़ी नगरपालिका बंद करने की चेतावनी

जलपाईगुड़ी, 09 अक्टूबर । जलपाईगुड़ी नगरपालिका के करीब 300 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से पेंशन नहीं मिलने का आरोप है। बकाया पेंशन के भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार को कर्मचारियों ने नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी देवदुलाल पात्र के साथ बैठक की। हालांकि, बैठक में कोई समाधान नहीं निकलने पर कर्मचारियों ने सोमवार से नगरपालिका कार्यालय बंद कर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

जलपाईगुड़ी अवकाशप्राप्त कर्मचारी समिति का आरोप है कि नगरपालिका के वर्तमान अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित वेतन मिल रहा है, जबकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि सितंबर में भी इसी मांग को लेकर नगरपालिका कार्यालय में ताला लगाकर प्रदर्शन किया गया था। उस समय प्रशासन की ओर से जल्द भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन वापस ले लिया गया था, लेकिन कर्मचारियों का आरोप है कि वादा पूरा नहीं हुआ।

बैठक के बाद समिति के सचिव अंजन बनर्जी ने कहा कि अब कर्मचारियों के पास आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने बताया कि सोमवार से नगरपालिका कार्यालय बंद कर व्यापक आंदोलन शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।

वहीं, इस मामले पर नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी देवदुलाल पात्र ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। दुर्गापूजा से ठीक पहले पेंशन विवाद के कारण नगरपालिका के कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।