गिरिडीह, 23 अप्रैल । जिले के धनवार थाना इलाके में पत्थर खदान को लेकर विवाद में बुधवार की देर रात चाचा-भतीजा में विवाद इतना बढ़ा कि भतीजे जियाउल अंसारी ने चाचा रफीक अंसारी (55) की चाकू मारकर हत्या कर दी। देर रात हुए रफीक हत्याकांड के दूसरे दिन तड़के सूचना मिलने पर धनवार थाना पुलिस सक्रिय हुई ।
बताया गया कि धनवार थाना क्षेत्र के खेरीडीह गांव में पुलिस रफीक हत्याकांड के आरोपितों को दबोचने में जुट गई है। हालांकि हत्याकांड के आरोपित जियाउल अंसारी और अयूब अंसारी और उसका बेटा फरार बताया जा रहा है। रफीक की हत्या के बाद परिजनों में भी कोहराम मच गया ।
इस दौरान परिजनों ने जमकर हंगामा किया । जानकारी के अनुसार धनवार में पत्थर खदान को लेकर मृतक रफीक अंसारी का विवाद आरोपित जियाउल अंसारी और अयूब अंसारी के बेटे के साथ होने की चर्चा है । इसी विवाद को लेकर बुधवार की देर रात गांव के सुफेद अंसारी के बुलाने पर मृतक रफीक उसके घर पहुंचा, जहां विवाद इतना बढ़ा कि जियाउल और अयूब ने चाकू से गोदकर रफीक की हत्या कर दी।
हत्या के बाद सभी आरोपित फरार हो गए। मामले में एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानाें पर छापेमारी की जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
