शव बरामद

पश्चिमी सिंहभूम, 21 अगस्त। हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के छोटा नूरदा गांव में लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान की जर्जर दीवार गिरने से चाचा और भतीजे की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसा गुरुवार शाम उस समय हुआ, जब दोनों मकान के अंदर बैठे थे।

मृतकों की पहचान छोटा नूरदा गांव निवासी सरजोम पिंगुवा (37) और उनके भतीजे डोबराज पिंगुवा (33) के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण कच्ची और पहले से जर्जर दीवार में नमी बढ़ गई थी।

इसी दौरान मकान की ऊंची कच्ची दीवार अचानक गिर गई और दोनों उसके मलबे में दब गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना गांव के मुंडा ने हाटगम्हरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।