डांडिया नाइट

पूर्वी सिंहभूम, 25 सितंबर। जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत नीलडीह आमबागान में बुधवार देर रात आयोजित डांडिया कार्यक्रम के बीच  20–25 युवकों ने मिलकर दो युवकों पर हमला कर दिया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी और भगदड़ का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल श्रवण और अनुराग को एक युवक लकी बहाने से बाहर बुलाकर ले गया। जैसे ही वे बाहर पहुंचे, घात लगाए बैठे युवकों ने लात-घूंसों और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान एक युवक ने चापड़ से वार कर दोनों को लहूलुहान कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना योजनाबद्ध प्रतीत होती है और प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका सामने आई है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।

घटना से आक्रोशित लोगों ने कहा कि इस तरह की हिंसक वारदातें त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों की छवि धूमिल करती हैं। उन्होंने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।