oplus_140509184
रामगढ़, 15 अप्रैल । रामगढ़ पुलिस ने त्वरित और सतर्क कार्रवाई करते हुए पांडे गिरोह के दो शूटरों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया है।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 14 अप्रैल की रात करीब 11:25 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर हथियार के साथ रामगढ़ थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया और सभी थाना व ओपी प्रभारियों को एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में 15 अप्रैल की रात करीब 2:30 बजे रामगढ़-अरगड्डा रोड स्थित बड़का चुम्बा मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बादल कुमार (पिता- गुड्डू राम, निवासी कैंटोनमेंट स्टाफ क्वार्टर, रामगढ़) और सोनू नंदी (पिता- स्व. मनोरंजन नंदी, निवासी पीटीपीएस हेसला, थाना पतरातु) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देशी पिस्तौल, 9 एमएम की तीन जिंदा गोलियां, एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पांडे गिरोह के लिए काम करते हैं और ठेकेदारों, व्यवसायियों तथा डीओ होल्डरों से लेवी वसूली करते हैं। वे पहले धमकी देकर रंगदारी मांगते थे और इनकार करने पर हथियार के बल पर वसूली करते थे। आवश्यकता पड़ने पर गोलीबारी करने से भी पीछे नहीं हटते थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी इसी तरह की वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले थे, लेकिन समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में रामगढ़ थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अभियान में डीएसपी मुख्यालय चंदन कुमार वत्स, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे, सब-इंस्पेक्टर रोशन बाड़ा, सुमंत कुमार राय, दीपक रजक, मनीष कुमार सिंह, बीरबल हेंब्रम, मंजेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
