गिरिडीह, 15 अप्रैल। जिले के भरकट्टा ओपी थाना क्षेत्र के चिताखारो में तेज रफ्तार का दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 23 वर्षीय युवक विवेक पांडेय की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय एक बाइक पर कोयला लदा हुआ था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विवेक पांडेय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की पहचान धनवार थाना क्षेत्र के खैरवानी निवासी विवेक पांडेय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी शादी महज एक माह पूर्व, 14 मार्च को बगोदर क्षेत्र में हुई थी। विवाह के कुछ ही दिनों बाद इस दुखद हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम पसरा हुआ है। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है।
