सडक दुर्घटना

पलामू, 15 जनवरी । जिले में चलाये जा रहे सड़क सुरक्षा माह के बीच लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। लोग असमय काल के गाल में समा जा रहे हैं। मेदिनीनगर सदर और हरिहरगंज थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग अलग हादसे हुए, जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी। पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा गांव में दरहा बाबा मंदिर के पास हुई। यहां अज्ञात वाहन के टक्कर से बाइक सवार अधेड़ व्‍यक्ति की मौत हो गयी। वहीं दूसरी घटना हरिहरगंज के कौआखोह सतभूरवा पुल के पास एनएच फोरलेन पर हुई। यहां एक स्कार्पियो के पलट जाने से उसके चालक की मौत हो गयी और   उसकी पत्नी सहित चार जने  घायल हो गए।

हाइवा से टक्कर के बाद पलटा स्कार्पियो

हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कौआखोह सतभूरवा पुल के पास एनएच फोरलेन पर गुरुवार को स्कार्पियो सवार चालक गढ़वा के झुरा गांव अरुण तिवारी (65) की मौत हो गई, जबकि स्कार्पियो पर सवार चार अन्‍य लोग घायल हो गए। घायलों में मृतक की पत्नी इंदु देवी के अलावे पलामू के विश्रामपुर के तोलरा गुरी भंडार के विजय कुमार पांडेय, सरोज देवी, सुनीता देवी शामिल हैं। इनमें सोनी देवी सुरक्षित हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कार्पियो औरंगाबाद की ओर जा रही थी। हाइवा  के पीछे चल रही थी। अचानक विपरीत दिशा से एक अज्ञात बाइक को बचाने में हाइवा ने बायीं ओर मोड़ दिया। हाइवा के अगले हिस्से से स्कार्पियो की टक्कर हो जाने से दोनों वाहन पलट गए। एनएचएआई की एंबुलेंस से घायलों को हरिहरगंज सीएचसी लाया गया। जहां डॉ राजेश कुशवाहा ने अरुण तिवारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि विजय पांडेय और सरोज देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घायल विजय ने बताया कि सभी अपने रिश्तेदार के घर औरंगाबाद जन्मोत्सव पार्टी में शामिल होने जा रहे थे।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा गांव निवासी संजय राम (50) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार संजय राम बुधवार की रात को बाइक से मेदिनीनगर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिंगरा गांव स्थित दरहा बाबा मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी और फरार हो गया।

हादसे में संजय राम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सदर थाना पुलिस ने उन्हें मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी के जवानों ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।