बीरभूम, 26 नवंबर । बुधवार सुबह बीरभूम जिले के माड़ग्राम मोड़ पर एक ऑक्सीजन सिलेंडर डिस्ट्रीब्यूशन दुकान के सामने अचानक सिलेंडर फटने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 14 के किनारे स्थित दुकान के सामने हुई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घायल व्यक्तियों के नाम उजीर हुसैन और अबू तालिब हैं। दोनों को तुरंत रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऑक्सीजन सिलेंडर को वाहन से उतारते समय अचानक एक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। घायल व्यक्तियों में एक वाहन चालक है, जबकि दूसरा उसका सहायक बताया जा रहा है। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के दो मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफ़रा-तफ़री फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, सिलेंडर में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या हैंडलिंग में त्रुटि के कारण यह विस्फोट हो सकता है।
घटना के बाद आसपास के दुकानों और घरों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
