उत्तर 24 परगना, 26 नवम्बर। पुलिस के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर(एएसआई) पर एक विवाहित महिला को ब्लैकमेल कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना उत्तर 24 परगना जिले के बराहनगर की है। बुधवार को पीड़िता की शिकायत के आधार पर बराहनगर थाने में आरोपित पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपित एएसआई का नाम संजीव सेन है। घटना के समय वह बराहनगर थाने में तैनात था, वर्तमान में उसकी पोस्टिंग पुरुलिया पुलिस लाइन में है।
2018 का मामला, जांच के नाम पर बुलाने का आरोप
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 10 अगस्त 2018 को वह अपने पति द्वारा “वैवाहिक बलात्कार” के आरोप में शिकायत दर्ज कराने थाने गई थीं। उस समय ड्यूटी पर मौजूद एएसआई संजीव सेन ने उनकी लिखित शिकायत ली। इसके बाद, कथित तौर पर जांच के नाम पर वह उन्हें बार-बार फोन करने लगा और कई बार घर भी गया।
एक दिन अधिकारी उनके घर पहुंचा और कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया जिससे वह बेहोश हो गई। होश में आने पर पीड़िता ने खुद को निर्वस्त्र हालत में पाया। आरोप है कि इसके बाद संजीव सेन ने धमकाकर उसे कई होटलों में ले जाकर दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने पर उसे जबरन गर्भपात भी कराया गया। यही नहीं, उसके पति को ड्रग केस में फंसाने और नाबालिग बेटी को उठाने की धमकी भी दी गई।
पहले भी मिले थे आरोप, विभागीय जांच में कार्रवाई हुई थी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित अधिकारी के खिलाफ इससे पहले भी इसी तरह के आरोप लगे थे और विभागीय जांच के बाद कार्रवाई भी की गई थी।
जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा—“शिकायत दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपों की जांच की जा रही है।”
पुरुलिया में मीडिया के एक वर्ग से बात करते हुए संजीव सेन ने सभी आरोप खारिज करते हुए कहा—“यह पहली बार सुन रहा हूं। सभी आरोप बेबुनियाद हैं। मेरे खिलाफ साजिश की जा रही है। मैंने बराहनगर बहुत पहले छोड़ दिया था, अब अचानक ऐसे आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं, समझ नहीं आ रहा।”
मामले की जांच जारी है।
