crime

सिलीगुड़ी, 23 अक्टूबर। मादक पदार्थों की तस्करी की साजिश को गुरुवार रात बागडोगरा थाने की पुलिस ने नाकाम कर दिया है। मालदा के कालियाचक से सिलीगुड़ी में ब्राउन शुगर की आपूर्ति करने की कोशिश के दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इजराइल हक और वासी अहमद के रूप में हुई है। दोनों मालदा जिले के कालियाचक के निवासी हैं। उनके कब्जे से 277 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बागडोगरा थाने की पुलिस ने कोलकाता-सिलीगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनि चाय बागान के पास दो संदिग्ध युवकों की बीती रात तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से 277 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। मौके से ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपित कालियाचक से ब्राउन शुगर लेकर सिलीगुड़ी पहुंचे थे और यहां इसकी डिलीवरी करने की योजना थी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।