दलमा वाइल्‍ड लाइफ संचुरी

पूर्वी सिंहभूम, 7 फरवरी। जमशेदपुर में पर्यटन को नई पहचान और गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए झारखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शनिवार को दलमा वन्य क्षेत्र में पांच नए आधुनिक सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग और पर्यटन विभाग के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री ने कहा कि दलमा क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध वन्यजीव और पहाड़ी पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है। राज्य सरकार इसे राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नए आधुनिक सफारी वाहनों के संचालन से पर्यटकों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, आरामदायक और व्यवस्थित सफारी अनुभव प्राप्त होगा। इन वाहनों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है तथा आधुनिक तकनीकी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे दलमा में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय रोजगार और व्यवसाय को मिलेगा।

इसके साथ ही पर्यटन मंत्री ने दलमा के प्रसिद्ध पिंडराबेरा क्षेत्र में प्रस्तावित नए आधुनिक रेस्ट हाउस का शिलान्यास भी किया। यह रेस्ट हाउस अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिसमें कुल 15 आरामदायक कमरे बनाए जाएंगे। साथ ही पर्यटकों की सुविधा के लिए एक आधुनिक रेस्टोरेंट का भी निर्माण किया जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर ठहराव और गुणवत्तापूर्ण भोजन की सुविधा मिल सके।

मंत्री ने बताया कि दलमा क्षेत्र को इको-टूरिज्म मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिससे प्राकृतिक पर्यावरण का संरक्षण सुनिश्चित करते हुए पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी जोर दिया।

स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इन नई सुविधाओं से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन उद्योग को नई दिशा मिलेगी और दलमा का नाम राज्य के साथ-साथ देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा।